Historical Facts

कांगड़ा की उपजाऊ मिट्टी से राजस्थान के रेगिस्तान तक का दर्दनाक सफर – पौंग बांध

pong-dam-history
pong-dam-history

पौंग गॉव के पूर्वजों की कई पीढ़ियों ने वहाँ की मिट्टी को सींचा था, जहाँ बचपन की किलकारियाँ, बुज़ुर्गों का साया और जीवन की हर छोटी-बड़ी याद उनके पुश्तैनी घर की चौखट पर दर्ज थी।

हिमाचल की वह हरी-भरी गोद, जहाँ की ठंडी हवाओं में अपनों की सादगी बिखरी थी, पानी से लबालब भरे कुएँ और सदियों पुरानी बाबड़ियाँ, फसलों से लहलहाते वे खेत, अपने कुल देवी-देवताओं के वे थान, जहाँ हर सुख-दुख में सिर झुकाया जाता था और वे पवित्र श्मशान घाट, जहाँ अपनों की राख विश्राम कर रही थी—सब के सब बेबसी की आँखों के सामने जलसमाधि ले गए।

एक तरफ वह घर था जिसकी हर दीवार में पुरखों का आशीर्वाद और यादों की गर्माहट समाई हुई थी और दूसरी तरफ वह अनजाना रेगिस्तान जहाँ भयंकर परिस्थितियों के बीच जीवन को शून्य से शुरू करना था।

यह सिर्फ ज़मीन का विस्थापन नहीं था बल्कि अपनी जड़ों, अपनी आस्था और अपनी पहचान को डूबते देख राष्ट्र निर्माण के लिए दी गई एक अंतहीन कुर्बानी थी। बात हो रही है पौंग बांध के विस्थापन की।

कांगड़ा की उपजाऊ मिट्टी से राजस्थान के रेगिस्तान तक का दर्दनाक सफर - पौंग बांध

इस सारे विस्थापन को समझने के लिए हमें सबसे पहले समझना होगा, आजादी के बाद भारत में शामिल होने वाले राजस्थान की परिस्थितियों को, भारत पाकिस्तान जल संधि और सतलुज नदी के सफर को।

ब्लॉग काफी लम्बा होने वाला है लेकिन भरोसा रखिये इसके अंत तक आपके बहुत से संशय समाप्त हो जायेंगे। तो पहले बात करते हैं राजस्थान की उस समय की परिस्थितियों पर।

Table of Contents

सिंचाई इंजीनियर कंवर सैन ने देखा सूखे राजस्थान में पानी पहुँचाने का सपना

आज़ादी के समय राजस्थान का बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर का इलाका पूरी तरह से सूखा और बंजर मरुस्थल था। यहाँ पीने के पानी का भारी अकाल रहता था और लोगों को मीलों दूर भटकना पड़ता था।

कंवर सैन जो कि स्वतंत्रता से पहले बीकानेर रियासत में सिंचाई विभाग के मुख्य इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे उन्होंने केंद्र सरकार को एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी रिपोर्ट सौंपी—”बीकानेर राज्य में पानी की आवश्यकता“

इस रिपोर्ट में उन्होंने पंजाब की सतलुज और ब्यास नदियों के पानी को रोककर (हरिके बैराज के ज़रिए) सैकड़ों किलोमीटर लंबी नहर खोदकर राजस्थान के थार मरुस्थल तक पानी पहुँचाने का पहला विस्तृत खाका और प्रस्ताव तैयार किया।

नोट :- बैराज का मुख्य उदेश्य, नदी के जल स्तर को थोड़ा उठाकर पानी के बहाव की दिशा बदलना होता है ताकि उसे दूसरी नदियों या नहरों में भेजा जा सके और बांध का उदेश्य, नदी के पानी को भारी मात्रा में रोककर, पानी का विशाल भण्डारण करना होता है।

सतलुज और ब्यास नदियां जो हिमाचल से होते हुए पंजाब के तरनतारन जिले में हरि-के-पतन पर मिलती थी पंजाबी भाषा में “पतन” का अर्थ नदी पार करने का घाट होता है इसी हरि-के-पतन पर बैराज का निर्माण 1948 से शुरू होकर 1952 में पूरा हुआ। जिसे हरिके बैराज कहा गया।

बैराज तो 1952 में बनकर तैयार हो गया, लेकिन उस पानी को राजस्थान तक ले जाने वाली 204 किलोमीटर लंबी ‘राजस्थान फीडर नहर’ और आगे की 445 किलोमीटर लंबी इंदिरा गांधी मुख्य नहर को खोदने और पक्का करने का काम उस समय शुरू नहीं हुआ।

पाकिस्तान का विरोध प्रदर्शन

जब हरिके बैराज बनना शुरू हुआ तो पाकिस्तान में इसका बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ। यहाँ तक कि दोनों देशों में युद्ध की स्थिति बन गई। पाकिस्तान का तर्क था कि भारत पूर्वी नदियों (सतलुज और ब्यास) का पानी रोककर उसे राजस्थान के मरुस्थल की ओर मोड़ेगा जिससे पाकिस्तान की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और लाखों एकड़ उपजाऊ ज़मीन तबाह हो जाएगी।

पाकिस्तान ने इसे अंतरराष्ट्रीय जल कानूनों का उल्लंघन बताते हुए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आवाज़ उठाई। दोनों देशों के बीच युद्ध के खतरे को देखते हुए विश्व बैंक ने मध्यस्थ बनकर मामले को अपने हाथ में लिया।

भारत पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता 1960

विश्व बैंक की अध्यक्षता में 8 वर्षों तक मैराथन बैठकें हुईं। भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान में बहकर बेकार जाने वाले पानी को रोककर भारत के सूखे इलाकों (राजस्थान और पंजाब) को सींचना बेहद ज़रूरी है। भारत ने यह ज़मीनी हकीकत साबित की कि वह अपनी सीमा के भीतर बुनियादी ढाँचा तैयार कर चुका है।

और फिर 19 सितंबर 1960 को कराची में जवाहरलाल नेहरू और अय्यूब खान के बीच एक समझौता हुआ जिसे सिंधु जल समझौता कहा जाता है क्योंकि यह समझौता सिंधु नदी और उसकी पाँच प्रमुख सहायक नदियों के जल-बँटवारे को लेकर हुआ था।

नोट – झेलम, चिनाब, रावी, ब्यास और सतलुज—ये पाँचों नदियाँ आगे चलकर सिंधु नदी में ही मिलती हैं इसलिए इसे सिंधु जल संधि कहा गया। रावी, चिनाब और ब्यास नदियाँ हिमाचल प्रदेश से ही निकलती हैं। सतलुज का जन्म तिब्बत में होता है लेकिन यह हिमाचल प्रदेश के किन्नौर से भारत में प्रवेश करती है। झेलम जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी से निकलती है।

समझौते के अंतर्गत

सिंधु नदी प्रणाली की कुल 6 प्रमुख नदियों को दो हिस्सों में बाँटा गया

पूर्वी नदियाँ : सतलुज, ब्यास और रावी के पूरे पानी के इस्तेमाल का अधिकार भारत को दिया गया।

पश्चिमी नदियाँ :सिंधु, झेलम और चिनाब का 80% पानी पाकिस्तान को आवंटित किया गया। भारत इन नदियों के पानी का उपयोग पीने और रोज़मर्रा के कामों के लिए, सिंचाई के सीमित उपयोग के लिए कर सकता था । भारत नदी के बहते पानी से बिजली बना सकता है परंन्तु पानी को रोक नहीं सकता था

इंदिरा गाँधी नहर बनी राजस्थान के लिए बरदान

अब जब सिंधु जल संधि हो गई तो सतलुज और ब्यास का पूरा पानी भारत के हिस्से में आ गया। भारत जो पहले ही हरिके बैराज बना चूका था और 31 मार्च 1958 में इंदिरा गाँधी नहर का काम भी शुरू करवा चूका था उसने इस निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया।

कांगड़ा की उपजाऊ मिट्टी से राजस्थान के रेगिस्तान तक का दर्दनाक सफर - पौंग बांध

निर्माण कार्य शुरू होने के तीन साल बाद 11 अक्तूबर 1961 को भारत के तत्कालीन उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने राजस्थान के नौरंगदेसर (हनुमानगढ़) की वितरिका में बटन दबाकर पहली बार नहर का पानी छोड़ा।

हरिके बैराज में पानी की किल्ल्त – पोंग बांध का इतिहास

बैराज का काम केवल नदी के बहते हुए पानी को रोकना और उसे नहर में मोड़ना होता है। अगर पीछे पहाड़ों से नदी में पानी का बहाव कम हो जाए तो बैराज के पास इतना बड़ा पानी का भंडार नहीं होता कि वह महीनों तक नहर को चला सके।

ब्यास नदी में जून से सितंबर के दौरान तो भारी पानी होता है लेकिन सर्दियों और गर्मी के शुरुआती महीनों में जलस्तर काफी गिर जाता है। इस प्रकार मानसून के समय ब्यास का सारा पानी बहकर पाकिस्तान चला जाता था और सर्दियों में ब्यास नदी में इतना पानी ही नहीं बचता कि नहर में पर्याप्त डिस्चार्ज दिया जा सके।

और इसी समस्या को ख़त्म करने के लिए शुरुआत होती है एक बांध बनाने की जो पोंग गॉव में बना और जिसे पोंग बांध कहा गया।

पोंग बाँध का निर्माण और लोगों के विस्थापन का दौर

1960-70 के दशक में हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में व्यास नदी पर महाराणा प्रताप सागर (पोंग बांध) के निर्माण की घोषणा हुई, बांध के लिए ज़मीन का अधिग्रहण अंग्रेज़ों के ज़माने के Land Acquisition Act, 1894 के तहत किया गया।

इसका मतलब था कि देश की संपूर्ण भूमि पर अंतिम अधिकार ‘राज्य’ सरकार का है। यदि सरकार को लगता है कि किसी ज़मीन की ज़रूरत सड़क, बांध, रेलवे या किसी सरकारी परियोजना के लिए है तो ज़मीन मालिक की असहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं रह जाता।

बांध के निर्माण के कारण हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िले के विस्तृत भूभाग को अधिग्रहित किया गया इस परियोजना में कुल 339 गाँव जलमग्न हुए जिससे 30,000 से अधिक परिवारों (लगभग 1.5 लाख लोग) का जीवन सीधे तौर पर प्रभावित हुआ।

डैम बनने से देहरा गोपीपुर और आसपास के गाँव, जवाली और फतेहपुर तहसील के गाँव, तलवाड़ा / जसवां-परागपुर और नूरपुर बेल्ट के लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।

पीड़ित लोगो को राजस्थान में मिली जमीने -मुरब्बे

हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सरकार के बीच हुए समझौते के तहत तय हुआ कि हिमाचल में भूमि खोने वाले परिवारों को इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) के कमांड क्षेत्र में ज़मीन दी जाएगी।

जिन परिवारों के घर और जमीने इस डैम के अंतर्गत आ गई थी उनको राजस्थान में जमीने मिली जिनको मुरबे कहा जाता है प्रत्येक पात्र विस्थापित परिवार को मानक के अनुसार 1 मुरब्बा (लगभग 25 एकड़ या 6.25 हेक्टेयर) कृषि योग्य भूमि आवंटित की गई

लोग अपना सामान समेटकर एक अनजान जगह के लिए निकल पड़े

लोग अपने मवेशियों (गायों, बैलों, भैंसों), अनाज की कोठियों और बुनियादी घरेलू सामान को लेकर बैलगाड़ियों, ट्रकों और पैदल रास्तों से देहरा-गोपीपुर के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों तक पहुँचे।

कई परिवारों के मवेशी रास्ते में ही छूट गए या कड़कती धूप व असुविधा के कारण मारे गए

थार मरुस्थल का भौगोलिक और सांस्कृतिक झटका

कांगड़ा की ठंडी और जल-समृद्ध पहाड़ियों से निकलकर जब ये हिमाचली परिवार राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर पहुँचे तो उन्हें कुदरत और प्रशासन दोनों के थपेड़े सहने पड़े

जो हिमाचली समुदाय अपनी स्थानीय परंपराओं, मेलों, कुहल-सिंचाई प्रणाली और भाईचारे के साथ देहरा-गोपीपुर में रहता था वह राजस्थान के अलग-अलग ज़िलों (जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर) में बिखर गया।

विषम जलवायु: 45°C से अधिक का तापमान, धूल भरी आँधियाँ और पीने के पानी की भारी किल्लत।

जिन्हें कृषि योग्य भूमि बताकर कागज़ों पर आवंटित किया गया था वे वास्तव में ऊँचे-ऊँचे रेत के टीले थे।

मकान या छाया न होने के कारण लोगों को खुले आसमान और तंबुओं में रहना पड़ा। साथ ही स्थानीय भू-माफियाओं और आवंटियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।

जैसलमेर के कई ब्लॉक भारत-पाकिस्तान सीमा के बिल्कुल करीब थे जहाँ उस समय न तो पक्की सड़कें थीं और न ही संचार के साधन।

कई बुजुर्गों की राजस्थान पहुँचने के शुरुआती सालों में अवसाद और दिल के दौरों से मृत्यु हो गई।

काँगड़ा में महिलाओं के लिए पीने का पानी लाना और रसोई के लिए लकड़ी चुनना दैनिक जीवन का एक सहज हिस्सा था। राजस्थान की 45°C-48°C की झुलसाने वाली गर्मी में महिलाओं को पीने के खारे पानी और सूखी झाड़ियों के लिए कई-कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था।

विस्थापन के दौर में बच्चों की पढ़ाई महीनों और सालों तक पूरी तरह ठप रही।

कड़े नियम, आवंटन रद्द और कानूनी जंग का आगाज़

राजस्थान पहुँचे विस्थापितों के लिए मुसीबतें यहीं खत्म नहीं हुईं। प्रशासनिक पेचीदगियों और कठोर शर्तों ने उनके संघर्ष को और अधिक बढ़ा दिया।

पुनर्वास विभाग ने शर्त रखी कि विस्थापित को आवंटित ज़मीन पर खुद उपस्थित रहकर लगातार खेती करनी होगी। लेकिन विषम परिस्थितियों, पानी के अभाव या बीमारी के कारण जब कोई हिमाचली किसान कुछ समय के लिए अपने मूल गाँव लौटता, तो प्रशासन उसे ‘अनुपस्थित‘ दर्ज कर लेता था।

जिसके कारण एकतरफा आदेश पारित करके हज़ारों परिवारों की आवंटित ज़मीनें रद्द कर दी गईं और उन्हें कागज़ों पर लावारिस घोषित कर दिया गया।

पीड़ित विस्थापितों ने मिलकर एक कमेटी बनाई

प्रशासनिक अन्याय के खिलाफ नूरपुर, देहरा और राजस्थान के बीकानेर-जैसलमेर के विस्थापितों ने एकजुट होकर संघर्ष समिति बनाई। यह मुद्दा हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सरकार के बीच खींचतान का केंद्र बन गया। जब सरकारी स्तर पर कोई समाधान नहीं निकला तो विस्थापितों ने न्यायपालिका का दरवाज़ा खटखटाया।

सुप्रीम कोर्ट का 1996 का ऐतिहासिक फैसला और ज़मीनी बाधाएँ

दशकों तक अदालती चक्कर काटने के बाद, 1996 में भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया। अदालत ने माना कि राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी मातृभूमि का त्याग करने वाले नागरिकों को दशकों तक दर-दर भटकने के लिए छोड़ देना उनके संवैधानिक मौलिक अधिकारों आर्टिकल-21 का सीधा हनन है।

कोर्ट के आदेशानुसार एक उच्चस्तरीय पोंग बांध पुनर्वास समिति का गठन किया गया।

रद्द किए गए आवंटनों की पात्रता की पुनः समीक्षा के निर्देश दिए गए।

श्रीगंगानगर में ज़मीन की कमी को देखते हुए जैसलमेर के मोहनगढ़, रामगढ़ और नाचना क्षेत्रों में नई भूमि चिन्हित की गई।

इसके बावजूद, पात्रता प्रमाण पत्र हासिल करने की जटिल प्रक्रिया और लालफीताशाही के कारण गरीबों को हिमाचल और राजस्थान के चक्कर काटने में सालों लग गए। भारत-पाक सीमा के पास आवंटित कई ज़मीनों तक नहर का पानी न पहुँचने के कारण समस्या यथावत बनी रही।

50 साल बाद भी लोगो को नहीं मिल पाए उनके अधिकार

आज पोंग बांध विस्थापन को आधी सदी से अधिक समय बीत चुका है लेकिन यह त्रासदी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। लगभग 20,000 परिवारों में से आज भी सैकड़ों परिवार ज़मीन के वास्तविक कब्ज़े और कागज़ी उलझनों से जूझ रहे हैं।

पहली पीढ़ी अपने हक का इंतज़ार करते-करते दुनिया से चली गई अब तीसरी-चौथी पीढ़ी अदालती फाइलों को संभाल रही है।

हैदराबाद भारत का हिस्सा कैसे बना पढ़ने के लिए क्लिक करें

हिमाचल प्रदेश का धर्म और संस्कृति के बारे में पढ़ने के लिए क्लिक करें

प्रश्न: पोंड बांध (Pong Dam) कहाँ पर स्थित है

pong-dam-diplacement

उत्तर: पोंड बांध भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य के कांगड़ा जिले में ब्यास नदी (Beas River) पर स्थित है। इसे ‘महाराणा प्रताप सागर’ के नाम से भी जाना जाता है।

Stay Updated

Join the Journey

Get the latest articles, stories and Himachal updates delivered to your inbox.

No spam. Unsubscribe anytime.